भारतीय नौसेना ने ओमान तट के पास एक बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए संभावित समुद्री हादसे को टाल दिया। नौसेना की एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम ने तेल टैंकर MT Olympic Life के ईंधन टैंक में फंसी जिंदा मिसाइल वारहेड को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को फुजैराह से कोच्चि की ओर जा रहे इस तेल टैंकर पर कथित रूप से मिसाइल हमला हुआ था। मिसाइल जहाज के ईंधन टैंक में जाकर धंस गई, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था। ऐसे में किसी भी प्रकार की चिंगारी या तकनीकी त्रुटि बड़े विस्फोट का कारण बन सकती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नौसेना की बम निरोधक विशेषज्ञ टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। नौसेना के जवानों ने सबसे पहले जहाज पर मौजूद अंतरराष्ट्रीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
इसके बाद EOD विशेषज्ञों ने अत्यधिक सावधानी के साथ ईंधन टैंक के भीतर जाकर मिसाइल की जांच की। लंबे और जटिल ऑपरेशन के दौरान उन्होंने मिसाइल के विस्फोटक तंत्र को अलग किया और वारहेड को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यह मिशन अत्यंत जोखिम भरा था, क्योंकि ईंधन टैंक के अंदर किसी भी छोटी गलती से बड़ा विस्फोट हो सकता था। नौसेना की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता के कारण जहाज, उसका माल और उस पर सवार सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।
इस सफल अभियान के बाद तेल टैंकर 'एमटी ओलंपिक लाइफ' को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। घटना की परिस्थितियों और कथित हमले की जांच अभी जारी है।







Comments