भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब बिहार में प्रवेश कर चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि यही गति बनी रही तो जल्द ही मानसून झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ेगा। इसके बाद झारखंड और उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की संभावना है।
इस बीच एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। उत्तर भारत के राज्यों में 12 से 17 जून के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की संभावना है। वहीं हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों में खड़े न रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।







Comments