ऋषिकेश के रायवाला क्षेत्र के हरिपुर कलां स्थित गीता कुटीर घाट पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में स्नान कर रहा नौ वर्षीय बालक अचानक संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बह गया।
SDRF ने शुरू किया सर्च अभियान
सूचना मिलने पर SDRF ढालवाला की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण के अनुसार, डीप डाइवर्स की मदद से संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि देर शाम तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
दिल्ली से परिवार के साथ आया था बालक
लापता बालक की पहचान कुश शर्मा (9) पुत्र मुकेश शर्मा निवासी रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने आया था।
भाई को स्थानीय लोगों ने बचाया
हादसे के दौरान कुश का भाई प्रियांशु शर्मा भी गंगा के बहाव में फंस गया था। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पशुलोक बैराज से महिला का शव बरामद
इसी बीच, SDRF ने पूर्व में गंगा में बहे लोगों की तलाश के दौरान पशुलोक बैराज से 28 वर्षीय जानकी का शव बरामद किया है। वह अपने पति के साथ गंगा स्नान के दौरान बह गई थीं। उनके पति की तलाश अभी भी जारी है।
बढ़ रही हैं गंगा में बहने की घटनाएं
SDRF के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने में गंगा में बहने की करीब 20 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित और चिह्नित घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।



Comments